अमित कुमार
अंबाला कवरेज @ नारायणगढ़। अहलूवालिया मिसल के महान योद्धा, धर्म रक्षक एवं समाज सुधारक नवाब जस्सा सिंह अहलूवालिया जी की 307वीं जयंती 3 मई को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस बारे में जानकारी देते हुए अहलूवालिया सभा के प्रधान मुकेश वालिया ने बताया कि इस पावन अवसर पर अहलूवालिया धर्मशाला नारायणगढ़ में सुबह 8 बजे सुखमणि साहब का पाठ किया जाएगा। इसके पश्चात गुरबाणी कीर्तन, इतिहास व्याख्यान तथा प्रसाद वितरण अहलूवालिया चौक पर किया जाएगा। यह आयोजन नवाब साहिब के महान जीवन, वीरता और सिख पंथ के प्रति उनके योगदान को समर्पित होगा। नवाब जस्सा सिंह अहलूवालिया जी का जन्म 3 मई सन् 1718 में हुआ था। वे न केवल एक महान योद्धा थे, बल्कि एक सच्चे राष्ट्रनायक भी थे, जिन्होंने सिखों को संगठित कर मुगलों और विदेशी आक्रांताओं से संघर्ष किया। उनका जीवन आज भी युवाओं को प्रेरणा देने वाला है। अहलूवालिया बिरादरी की तरफ से समस्त संगत एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन समागम को सफल बनाएं।






