वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

ambala coverage news : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अंबाला से करेंगे ‘संविधान बचाओ’ अभियान की शुरुआत, हरियाणा में जगाएंगे चेतना की अलख

अमित कुमार
अंबाला कवरेज @ अंबाला। हरियाणा में कांग्रेस पार्टी के ‘संविधान बचाओ’ अभियान का शुभारंभ 4 मई को समय सुबह 09:30 बजे अंबाला शहर के ओरियन पैलेस से होने जा रहा है। इस जनजागरण कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शिरकत करेंगे। यह आयोजन लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प को एक नई दिशा देगा।   इस महत्त्वपूर्ण आयोजन की तैयारियों को लेकर अंबाला शहर के विधायक और हरियाणा सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी निर्मल सिंह ने अपने निवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की एक विशेष बैठक बुलाई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा हुई और कार्यकर्ताओं को ज़िम्मेदारियां सौंपते हुए भावी रणनीति पर गहन विचार-विमर्श किया गया।   चौधरी निर्मल सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “अंबाला से उठने वाली यह चेतना की अलख अब पूरे हरियाणा में संवैधानिक मूल्यों की अलख जगाएगी। यह आयोजन केवल एक सभा नहीं, बल्कि हर दिल तक संविधान की मर्यादा पहुंचाने का एक पवित्र संकल्प है।”   प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा, “आज का शासन केवल घोषणाओं और शिलान्यास तक सिमट गया है। अंबाला में विकास के जो वादे किए गए, वे अधूरे पड़े हैं। जनता को ठोस परिणाम चाहिए, खोखले प्रतीक नहीं।”   पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के शासन को याद करते हुए निर्मल सिंह ने कहा, “वह दौर हरियाणा के सुनहरे युग का प्रतीक था, जब किसान, युवा और मज़दूर सभी को समान अवसर और सम्मान मिला। आज प्रशासन में वह संवेदना और दिशा दिखाई नहीं देती।”   ‘संविधान बचाओ’ अभियान को एक वैचारिक आंदोलन बताते हुए उन्होंने कहा, “यह केवल राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि संविधान की रक्षा का एक पवित्र अभियान है। अंबाला इसकी पहली मशाल लेकर खड़ा है, जो पूरे प्रदेश को रोशन करेगा।”   कार्यकर्ताओं में इस अभियान को लेकर जोश और उत्साह देखते बन रहा है। गांवों, वार्डों और मोहल्लों में व्यापक जनसंपर्क शुरू हो चुका है, ताकि संविधान के मूल आदर्शों को हर तबके तक पहुंचाया जा सके।
Ambala Coverage
Author: Ambala Coverage

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें