अमित कुमार
अंबाला कवरेज@अंबाला। सनातन धर्म कॉलेज, अंबाला कैंट की प्राचार्या डॉ. अल्का शर्मा के प्रेरणादायक मार्गदर्शन में कॉलेज के कंप्यूटर विज्ञान विभाग द्वारा 2 मई 2025 को एक दिवसीय कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय था “डेटा स्ट्रक्चर”जो आज के तकनीकी युग में कंप्यूटर विज्ञान का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं अनिवार्य हिस्सा है। इस कार्यशाला की मुख्य प्रस्तोता प्रोफेसर आरती सचदेवा थीं, जिन्होंने अपने गहन ज्ञान और प्रभावशाली प्रस्तुति शैली से उपस्थित छात्रों और शिक्षकों को अभिभूत कर दिया। उन्होंने डेटा स्ट्रक्चर की जटिल अवधारणाओं को अत्यंत सरल भाषा में समझाया और उनके व्यावहारिक उपयोगों पर प्रकाश डाला। प्रस्तुति में स्टैक, क्यू, ट्री, ग्राफ्स जैसे विषयों को इंटरैक्टिव तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिससे छात्रों में विशेष रुचि देखने को मिली। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रोफेसर गरिमा सूदन ने कुशलता से किया। विभागाध्यक्ष डॉ. गिरीधर गोपाल ने स्वागत भाषण में डेटा संरचना की उपयोगिता और विद्यार्थियों के भविष्य में इसकी भूमिका पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल अकादमिक ज्ञान बढ़ाते हैं, बल्कि छात्रों को इंडस्ट्री के लिए तैयार भी करते हैं। प्राचार्या डॉ. अलका शर्मा ने अपने संबोधन में कहा आज का युग तकनीक का युग है, और इस युग में डेटा को समझना, संग्रह करना और उसका विश्लेषण करना सबसे बड़ी कुंजी है। हमारे छात्रों को इस दिशा में मार्गदर्शन देना हमारा उत्तरदायित्व है।उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजन टीम को बधाई दी। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं की भागीदारी अत्यंत उत्साहजनक रही। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और विशेषज्ञ से जिज्ञासाएं साझा कीं। पूरे कार्यक्रम ने शैक्षणिक और तकनीकी वातावरण को सजीव कर दिया। यह कार्यशाला कॉलेज के शैक्षणिक इतिहास में एक और उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गई है और छात्रों के लिए तकनीकी दृष्टिकोण से एक प्रेरक अनुभव साबित हुई।






