ambala coverage news : ससौली के ओवरफ्लो तालाब की समस्या का हुआ समाधान- तेजिन्द्र सिंह तेजी

अमित कुमार
अंबाला कवरेज @ अंबाला। तालाब व अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण हरियाणा के सदस्य तेजिन्द्र सिंह तेजी ने जिला यमुनानगर के ससौली क्षेत्र के तालाब की वर्तमान स्थिति का अवलोकन कर नगर निगम के संबंधित अधिकारियों के साथ तालाब पर चल रहे विकास कार्य की समीक्षा की। तेजिन्द्र सिंह तेजी ने बताया कि ससौली क्षेत्र के निवासी तालाब के ओवरफ्लो की वजह से परेशान थे जिस पर तालाब प्राधिकरण ने संज्ञान लेते हुए तालाब के जीर्णोद्धार के लिए निर्देश दिए थे। नगर निगम के आयुक्त आयुष सिन्हा के कुशल मार्गदर्शन में इस तालाब के सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है जोकि संतोषजनक है। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री एवं तालाब प्राधिकरण के चेयरमैन नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका क्षेत्र भी स्वच्छ व सुंदर बनेगा। उन्होंने तेजिन्द्र सिंह तेजी का भी धन्यवाद किया जो समय-समय पर पहुँच कर उनकी समस्या पर संज्ञान लेते रहे। तेजिन्द्र सिंह तेजी ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि तालाब हमारी प्राचीन धरोहर है इन्हें सहेज कर रखना हम सबका दायित्व है। तालाब में कचरा न फेंके व न किसी को फेंकने दें। तालाब की स्वच्छता तभी संभव होगी जब उसमें आम जनमानस की भागीदारी सुनिश्चित होगी। इस मौके पर तेजिन्द्र सिंह तेजी ने बताया कि कैच द रेन अभियान व अमृत सरोवर योजना के तहत प्रशासन ने तालाबों की सफाई करवा दी थी जिसके कारण तालाब ओवरफ्लो नहीं हुए। फिर भी अगर कोई तालाब ओवरफ्लो होता है तो प्रशासन मुस्तैदी से पानी की निकासी का प्रबंधन करता है। इसके लिए सभी सजग है। इस दौरान नगर निगम के एक्सईएन नरेन्द्र सुहाग ने बताया कि तालाब से गाद निकालने का काम चल रहा है उसके बाद ठोस मिट्टी से किनारे बांधकर लोगों के घूमने के लिए ट्रैक बनाया जाएगा। इस दौरान नगर निगम के एक्सईएन नरेन्द्र सुहाग, एसडीओ राजेश कुमार, जेई अरविंद व संबंधित अधिकारियों के साथ ससौली के निवासी भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें