ambala coverage news :मानसून से पहले तीन चरणों में होगी नालों की सफाई, कुत्तों की होगी नसबंदी

अमित कुमार
अंबाला कवरेज @ यमुनानगर। शहर में जलभराव की स्थिति न हो, इसके लिए मानसून सीजन से पहले नगर निगम क्षेत्र के सभी नालों की सफाई होगी। लगभग चार हजार मीटर लंबाई के इन नालों की तीन चरणों में सफाई की जाएगी। निगम द्वारा लगभग 72 लाख रुपये का टेंडर लगाया गया है। 70 से 80 कर्मचारी बड़े नालों की सफाई में लगेंगे। जेसीबी, ट्रैक्टर ट्रॉली व अन्य साधनों की मदद से नालों की सफाई होगी। छोटे नालों की सफाई के लिए प्रत्येक वार्ड में चार-चार सफाई कर्मचारी तैनात होंगे। चांदपुर बाईपास पुल के नीचे रुके स्टॉर्म वाटर ड्रेन को डालने का कार्य जल्द शुरू होगा। इसके लिए नगर निगम द्वारा रेलवे को साइट हैंडओवर कर दी है। अगस्त माह के अंत तक स्टॉर्म वाटर ड्रेन डालने का कार्य पूरा किया जाएगा। प्रत्येक पार्षद को अपने वार्ड में 25-25 लाख रुपये तक के मरम्मत कार्य करवाने की अनुमति होगी। आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ने से रोकने के लिए उनकी नसबंदी कराने का टेंडर लगाया गया है। नगर निगम क्षेत्र में 41 हजार में से बची हुई 35200 एलईडी लाइट लगाने का कार्य अगले दस माह में पूरा किया जाएगा। यह निर्णय मंगलवार को शहर के ग्रे पेलिकन होटल में हुई नगर निगम सदन की पहली बैठक में लिए गए। बैठक की अध्यक्षता महापौर सुमन बहमनी ने की। बैठक में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने मुख्य रूप से शिरकत की। नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने सभी पार्षदों के सवालों के जवाब दिए। महापौर सुमन बहमनी व निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने निगम अधिकारियों व पार्षदों को आपस में तालमेल बनाकर शहर के विकास की गति को तीव्रता देने का आह्वान किया। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी सीवरेज सिस्टम को दुरुस्त रखने के आदेश दिए। महापौर सुमन बहमनी ने कहा कि सदन बैठक में पास हुए सभी कार्य सौ दिन के भीतर सिरे चढ़ाएंगे। इससे पहले नगर निगम हाउस की बैठक में पहुंचने पर निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने महापौर सुमन बहमनी व विधायक घनश्याम दास अरोड़ा का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। ‌बैठक की कार्यवाही के दौरान सभी पार्षदों ने एक के बाद एक सदन में अपने अपने क्षेत्र की समस्याएं रखी। इस दौरान पार्षदों ने सफाई व्यवस्था, शहर के सौंदर्यीकरण, पानी निकासी, स्ट्रीट लाइट, अवैध कॉलोनियों, बेसहारा पशुओं, प्रॉपर्टी आईडी, आवारा कुत्तों, सड़कों व नालियों के निर्माण, पार्कों के सौंदर्यीकरण समेत अनेक समस्याएं रखी। जिनका मेयर सुमन बहमनी व निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने जवाब देकर जल्द निवारण करने का आश्वासन दिया। बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, वरिष्ठ लेखा अधिकारी कृष्ण जैन, अधीक्षण अभियंता हेमंत कुमार, कार्यकारी अभियंता विकास धीमान, सुखविंद्र सिंह, नरेंद्र सुहाग, जेडटीओ अजय वालिया, पार्षद रीना, जयंत स्वामी, रुचि, भानू प्रताप, अंकित कुमार, प्रियांक शर्मा, विभोर पहुजा, भावना बिट्टू, किरण, संतोष, तिलकराज, श्याम लाल, सुनैना, मंजू, संदीप धीमान, दीक्षित कुमार, उज्जवल बनयाल, हरजीत आनंद, विक्रम राणा, मंजीत कौर, रुचि शर्मा आदि मौजूद रहें।
कंप्रेस बायोगैस प्लांट के लिए विधायक ने निगम आयुक्त का किया धन्यवाद –
बैठक में तीन धन्यवाद प्रस्ताव भी पास किए गए। पहला प्रस्ताव शहर का सौंदर्यीकरण करने पर पार्षद विभोर पहुजा ने नगर निगम का किया।उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा हमीदा हैड के पास बहुत सुंदर व आकर्षक पार्क बनाया जाएगा। इसके अलावा फतेहपुर पुल से कैनाल रेस्ट हाउस तक पश्चिमी यमुना नहर किनारे रिवर फ्रंट बनाया जाएगा। जिससे हमारा शहर बहुत ही सुंदर बनेगा। दूसरा धन्यवाद प्रस्ताव वार्ड सात से पार्षद प्रियांक शर्मा ने रखा। उन्होंने एक देश एक चुनाव का प्रस्ताव रखा। ताकि देश में एक ही बार में सभी चुनाव एक साथ हो। इससे जहां करोड़ों रुपये खर्च बचेगा। वहीं, अधिकारियों व आम जनता का भी समय बचेगा। तीसरा धन्यवाद प्रस्ताव वार्ड 13 से पार्षद श्याम लाल ने रखा। उन्होंने नशा मुक्त हरियाणा बनाने के लिए सभी जिला वासियों को नशे से बचाने के लिए युवाओं को खेलों में ध्यान लगाने का आह्वान किया। साथ ही शहर में खेल ग्राउंड बनाने का प्रस्ताव रखा। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि तेजली खेल परिसर का सौंदर्यीकरण व डवलेप कर प्रदेश स्तर का खेल स्टेडियम बनाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कोच्चि के बाद यमुनानगर में प्रदेश का पहला कंप्रेस बायोगैस प्लांट लगवाने के लिए निगम आयुक्त आयुष सिन्हा का धन्यवाद किया। लगभग 90 करोड़ की लागत से बनने वाले इस प्लांट का हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिलान्यास किया है।
सभी पार्काें की बढ़ेगी सुंदरता –
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने शहर के सभी पार्काें की सुंदरता बढ़ाने के लिए उनकी चारदीवारी पेंट करने, झूलों व ग्रिल की मरम्मत करने का सुझाव रखा। जिस पर मेयर सुमन बहमनी व निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने अपनी सहमति दी। निगमायुक्त सिन्हा ने बताया कि नगर निगम के पास लगभग 90 पार्क है। इनमें से 15 पार्कों की चारदीवारी व सौंदर्यीकरण का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर हो चुका है। बचे हुए 75 पार्कों की चारदीवारी व ग्रिल पेंट करने और झूले व ओपन जिम की मरम्मत के लिए टेंडर लगाया जाएगा।
दो साल में 89 कॉलोनी हुई वैध, 96 भवन –
बैठक में अवैध कॉलोनियों को वैध कराने का भी मुद्दा रखा गया। निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने इसके जवाब में बताया कि दो साल में सबसे अधिक कॉलोनियों नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी की वैध हुई है। दो साल में नगर निगम क्षेत्र की 89 कॉलोनियां वैध हुई है। इसके लिए 96 ऐसे भवन भी वैध कराए गए है, जो अवैध दर्शाए हुए थे। जो कॉलोनिया वैध हुई है। उनमें सीवरेज व पीने के पाइप लाइन डालने के बाद गलियां, नालियां व अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे।
इन प्रस्तावों पर भी लगी मोहर –
– बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
– प्रथम चरण में सात हजार कुत्तों की नसबंदी कराने का कार्य किया जाएगा।
– शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाया जाएगा। इसके लिए हर पार्षद अपने अपने वार्ड की सड़कों की रिपोर्ट देंगे।
– सभी पार्षद अपने अपने वार्ड में 25 लाख तक के मरम्मत कार्याें की सूची निगम को उपलब्ध कराएंगे।
– शहर के बाजारों में शौचालय व पेयजल की व्यवस्था कराई जाएगी।
– डेंगू सीजन से पहले प्रत्येक वार्ड में फॉगिंग कराई जाएगी।
– सामुदायिक केंद्रों में बिजली व पानी की व्यवस्था कराई जाएगी।
– वार्ड में होने वाले प्रत्येक निर्माण कार्य की जानकारी संबंधित पार्षद को दी जाएगी।
– प्रॉपर्टी आईडी व टैक्स संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारी एक ही स्थान पर होंगे।
– वार्ड में कराए गए विकास कार्य की पेमेंट ठेकेदार को पार्षद के प्रमाणपत्र के बाद ही होगी।
– खाली प्लाटों का सर्वे किया जाएगा। जिसमें गंदगी मिलेगी, उसकी सफाई कर खर्च प्लाट मालिक के टैक्स में जोड़ा जाएगा।
– डेयरी कॉम्प्लेक्स में बनाए गए पशु चिकित्सालयों में डॉक्टर व अन्य सुविधाएं कराई जाएगी।
– सड़क किनारे खड़े रेहड़ी संचालकों को स्ट्रीट वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
– नगर निगम सदन की बैठक हर माह होगी। इसके अलावा वार्ड वाइस भी पार्षदों व अधिकारियों की बैठक होंगी
edited by alka rajput

Leave a Comment

और पढ़ें